एक सफल जीवन के लिए -
ये हैं कुछ अनमोल सूत्र --
अक्सर हँसते रहना -
और प्रेम करना मुक्त ह्रदय से।
अर्जित करना बच्चों का स्नेह -
और बुद्धिमान लोगों का सम्मान।
ईमानदार आलोचकों की प्रशंसा पाना
और साहस रखना -
झूठे मित्रों के विश्वासघात को,
सहन करने का।
अपने जीते जी दुनिया को -
कुछ बेहतर बनाना,
और जाते हुए छोड़ जाना --
कुछ सुन्दर, कुछ मूल्यवान--
जैसे कि कोई स्वस्थ बच्चा.
या एक सुन्दर बगीचा,
अथवा कोई सामाजिक स्थिति,
जिसे सुधारने में --
तुम्हारा योगदान रहा हो।
भरपूर उत्साह से खेलना, हँसना-
और उमंग भरे गीत गाना,
और यह जान पाना कि --
तुम्हारे होने से सहज हुआ,
कम- से - कम एक व्यक्ति का जीवन।
बस, यही है सच्ची सफलता!
Transcreated from the poem 'Success' by American poet
Bessey Anderson Stanley-(1879 -1952)
Bessey Anderson Stanley की यह कविता सफलता के वास्तविक अर्थ पर एक प्रेरक दृष्टि प्रस्तुत करती है। इसके अनुसार सफलता केवल धन, प्रसिद्धि या उपलब्धियों का नाम नहीं है, वरन जीवन को सार्थक बनाने की क्षमता है। प्रेम पाना, दूसरों का विश्वास जीतना, प्रकृति के सौंदर्य का आनंद लेना और अपने जीवन से किसी और के जीवन को थोड़ा और बेहतर बनाना -- यही सच्ची सफलता के महत्वपूर्ण आयाम हैं। कविता हमें बताती है कि एक सफल व्यक्ति वह है जो स्वयं क साथ -साथ दूसरों के लिए भी सुख, आशा और उपयोगिता का स्रोत बने।

No comments:
Post a Comment