जब कभी अपनी आर्द्रता खोकर
शुष्क और कठोर बन जाए मेरा ह्रदय
अपनी असीम करुणा की बौछार से
इसे सिंचित करने आ जाना
मेरे जीवन में प्रभु!
जब खो जाए जीवन से
लालित्य और सरसता
किसी मधुर गीत के बोल बनकर
बरस पड़ना मेरे मन की धरती पर।
जीवन - संघर्ष का तुमुल कोलाहल -
जब सब ओर से घेर -
एकांत में बंदी बना ले मुझे, तब --
हे मेरे मौन के स्वामी! तुम आ जाना मेरे पास
अपनी परम शांति और विश्राम लेकर।
जब मेरा भिक्षुक सा दीन हृदय
किसी अँधेरे कोने में दुबककर बैठा हो -
तुम अपने राजसी दल -बल के साथ,
चले आना मेरे पास --
सारे द्वार तोड़कर।
जब अंतहीन कामनाएँ मस्तिष्क को -
भ्रम और धूल से आच्छादित कर -
अंधा बना दें,
तब, चिर - जाग्रत और पावन, हे मेरे प्रभु!
प्रकट हो जाना तुम,
अपने दिव्य प्रकाश और घोर गर्जन के साथ।
गुरुदेव रबीन्द्रनाथ ठाकुर की गीतांजलि से एक कविता (39) का हिन्दी
भावानुवाद --
यह सुन्दर गीत भक्त और ईश्वर के बीच प्रगाढ आध्यात्मिक सम्बन्ध का एक मार्मिक
चित्र प्रस्तुत करता है. यहाँ कवि ने मनुष्य की अहंकार से जड़ी सूखी भूमि से की है। जिस प्रकार तपती भूमि में धरती प्यासी रहती है, उसी प्रकार जब अहंकार और शुष्क ता के कारण हृदय से प्रेम और करुणा समाप्त हो जाती है , तब मनुष्य जीवन के वास्तविक अर्थ से कट जाता है। कवि ईश्वर से प्रार्थना करता है कि वे अपनी करुणा की वर्षा से इस बंजर हृदय को भिगो दें, यह गीत केवल भक्ति नहीं अपितु मानवीय संवेदनाओं के पुनरुत्थान की एक प्रेरणादायक पुकार है।

No comments:
Post a Comment