यह एक सुन्दर शाम है --
शांत और स्वतंत्र।
और समय प्रतीत होता है--
ईश्वर के ध्यान में साँस रोके डूबी -
सन्यासिनी जैसा
पवित्र और निश्चल।
उधर वह विशाल सूरज -
डूब रहा है अपनी परम शांति में -
और आकाश की कोमल छाया
छा रही है सागर के पटल पर।
सुनो!
वह परम चेतना जाग उठी है,
और अपनी शाश्वत गति से निरंतर --
उत्पन्न कर रही है -
गंभीर गर्जन।
ओ प्यारी बच्ची! प्यारी बालिका!
तुम जो चल रही हो मेरे साथ -
इस सागर - तट पर -
यदि तुम इन गंभीर विचारों से -
अछूती लगती हो -
तो भी तुम्हारी अपनी प्रकृति -
कम अलौकिक नहीं है।
तुम तो वर्ष भर विश्राम करती हो -
स्वयं परमेश्वर की गोद में -
और आराधना करती हो उसकी -
इस पावन मंदिर के गर्भ - गृह में,।
ईश्वर तुम्हारे साथ रहता है सदैव,
तब भी, जब हम यह नहीं जान पाते।
विलियम वर्ड्सवर्थ --(1770-- 1850 )
'It is a Beauteous Evening '
यह कविता प्रकृति के सौंदर्य और आध्यात्मिक शांति का सजीव दस्तावेज है। वर्ष 1802 में समुद्र तट पर रची गई यह कविता संध्या के शांत वातावरण की तुलना प्रार्थना में लीन किसी सन्यासिनी से करती है।
कवि के लिए यह दृश्य केवल बाहरी सौंदर्य नहीं,अपितु सम्पूर्ण ब्रह्माण्ड में व्याप्त ईश्वरीय उपस्थिति का अहसास है। अंत में, कवि अपनी नौ - वर्षीया पुत्री की मासूम उपस्थिति को भी प्रकृति के समान ही पवित्र और विराट ईश्वरीय चेतना के समतुल्य ही मानता है. यह रचना प्रकृति, अध्यात्म और वात्सल्य का अनूठा संगम है.

No comments:
Post a Comment