Tuesday, 28 July 2026

जीवन - पथ का चुनाव


पतझड़ की ऋतु थी,

और मैं गुजर रहा था,

पीले पत्तों से आच्छादित,

एक जंगल के रास्ते से।


एक जगह पहुँच कर,

ठिठक गये मेरे कदम,

क्योंकि वहाँ रास्ता  बँट गया था -

दो अलग, अलग दिशाओं में -

और मैं, अकेला पथिक

 चल नहीं सकता  था -

दोनों पर एक साथ।


इसलिए  वहीं ठहर कर मैं,

देर तक निहारता रहा, 

जहाँ तक दृष्टि जा सकती थी,

वहाँ तक, जहाँ वह रास्ता -

झुरमुटों के बीच मुड़कर -

 ओझल हो गया था।


 फिर मैंने दूसरे पथ को देखा,

वह भी पहले जैसा ही सुन्दर, बल्कि -

 कुछ अधिक ही आकर्षक लगा,

क्योंकि उसकी मखमली घास -

अब तक अनछुई  प्रतीत होती थी -

यद्यपि,वास्तव में  दोनों ही रास्ते -

समान रूप से -

पद चिन्होँ से परिचित थे.


और उस सुबह दोनों ही -

सूखी पत्तियों से ढके हुए थे -

एक समान,

जिन पर किसी के भी

पद - चिन्ह नहीं पड़े थे।


बस, मैंने चुन लिया दूसरा रास्ता,

पहले वाले को किसी और दिन-

 के लिए छोड़ कर।

यह जानते हुए भी कि हर रास्ता -

आगे चलकर जा मिलता है -

किसी नये रास्ते से -

और मेरा यहाँ लौटकर आना -

शायद ही संभव होता।


और वर्षों बाद -

एक लम्बी साँस भरकर -

मैं यह कथा सुना रहा होऊँगा -

कि कैसे जंगल का वह रास्ता -

बँट गया था दो दिशाओं में।

उनमें से मैंने चुना था वह मार्ग -

जिस पर कम लोग चले थे -

और उस फैसले ने ही बदल दिया है -

मेरा जीवन।

' The Road Not Taken'  Robbert Frost की  प्रसिद्ध कविताओं मे से  एक, जीवन में किए जाने वाले चुनावों और उनके दूरगामी प्रभावों पर आधारित एक विचारोत्तेजक  रचना है। दो रास्तों के प्रतीक के माध्यम से कवि उन परिथितियों को प्रस्तुत करता है जब व्यक्ति को अनेक संभावनाओं में से एक मार्ग चुनना पड़ता है। जीवन में हर निर्णय अपने अवसरों और अनिश्चितताओं  को लेकर आता है।कविता  हमें यह सोचने के लिए प्रेरित करती है कई हमारे चुनाव हमारी जीवन -यात्रा  को किस प्रकार आकार देते हैं। अपनी प्रतीकात्मकता और गहरी जीवन दृष्टि के कारण यह कविता आधुनिक अंग्रेज़ी कविता की अत्यंत लोकप्रिय कविताओं  में से एक मानी जाती है ।

  


No comments: