Friday 28 April 2023

चिर-स्मरणीया माँ


     चिर - स्मरणीया माँ!

 तुम्हें याद करने के लिए मुझे,

किसी  विशेष दिन की नहीं अपेक्षा,

 स्मृति पटल पर अंकित  हो  तुम,

जीवन के एक अंग की तरह  ही,


 अविच्छिन्न रूप से सम्मिलित हो तुम 

 मेरे सम्पूर्ण अस्तित्व में, क्योंकि,

 महसूस करती हूँ तुम्हारा प्रभाव सदैव 

अपने हर विचार और व्यवहार में.


 कठिन परिस्थितियों में  भी जब सहज रहकर

   करती हूँ  प्रयास संघर्ष-रत  रहने  का 

  जाने -अनजाने तुम्हारे  पद चिन्होँ पर ही 

   मैं भी तो  निर्भय चल  रही होती हूँ.


 किसी का भी दुःख देख, सुन, कर  

 विचलित हो  उठता है जब मेरा मन ,

 तब,तुम्हारी सहज करुणा का उद्रेक ही तो,

  छलक आता  आँखों  में अश्रु  बनकर.


 कहीं भी क्रूरता और अन्याय के विरुद्ध,

  दृढ़ता से मुखरित होते मेरे स्वर,

  तुम्हारी ही न्याय प्रियता को तो, 

 प्रतिध्वनित  करते  हैं घनीभूत  होकर.

   

     कुछ शुभ घटित होने पर, अनायास ही,

    जुड़ जाते  हैं हाथ , उस परम-पिता के प्रति , 

     नत -मस्तक  हो आभार  प्रकट  करने में,

      तुम्हारा ही अनुसरण करती हूँ मैं,

                अविस्मरणीया माँ! 

                      



1 comment:

Anonymous said...

Heart touching lines ❤️